संवेदनशील पहल से बालिका को मिला शोषण और प्रताड़ना से मुक्ति का सहारा, अब शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की राह हुई आसान
बाल कल्याण समिति और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से बालिका को मिला नया संबल, आरोपी पिता गिरफ्तार
Chhattisgarh/बालोद परिवार के भीतर ही शोषण और प्रताड़ना का सामना कर रही एक बालिका को बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई और समाज के सहयोग से सुरक्षित वातावरण एवं नई जिंदगी की उम्मीद मिली है। समय पर मिली जानकारी, संवेदनशीलता के साथ की गई कार्रवाई और विभिन्न विभागों के समन्वय से बालिका को न केवल प्रताड़ना से मुक्ति दिलाई गई, बल्कि उसकी शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालिका लंबे समय से अपने ही पिता के कथित अश्लील व्यवहार, अनुचित स्पर्श, मारपीट और धमकियों से परेशान थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपनी पीड़ा किसी के सामने खुलकर नहीं रख पा रही थी। उसने पहले भी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उसकी परेशानी बढ़ती गई। मानसिक तनाव के कारण बालिका धीरे-धीरे गुमसुम रहने लगी और लोगों से बातचीत करना भी कम कर दिया।
बालिका के व्यवहार में आए बदलाव को उसके शिक्षकों ने गंभीरता से लिया। शिक्षकों द्वारा विश्वास में लेकर बातचीत करने पर बालिका ने अपनी आपबीती साझा की। इसके बाद शिक्षिका, प्राचार्य और संकुल समन्वयक के माध्यम से मामला बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती यशोदा साहू तक पहुंचा। समिति ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बाल कल्याण समिति, जिला बालोद के अध्यक्ष कृष्णा साहू ने जिला बाल संरक्षण इकाई के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन को तत्काल बालिका का रेस्क्यू कर आवश्यक संरक्षण और परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बालिका को संरक्षण में लेने के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे बालिका गृह में सुरक्षित रखा गया, जहां उसकी देखभाल और काउंसलिंग की व्यवस्था की गई।
समिति की पहल पर संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस तरह बालिका को लंबे समय से झेल रही प्रताड़ना से मुक्ति दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
बालिका के सुरक्षित भविष्य और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरूषोत्तम चंद्राकर एवं ग्राम सरपंच के सहयोग से उसके और उसके परिजनों के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। बालिका को लोहे का पलंग, दो गद्दे, दो कंबल, दीपावली के लिए नए कपड़े तथा स्कूल यूनिफॉर्म दी गई। इसके साथ ही कक्षा दसवीं में निजी विद्यालय में अध्ययनरत बालिका की पूरे शैक्षणिक सत्र की फीस माफ कराई गई। उसकी पढ़ाई-लिखाई और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए समाज के सहयोग से आगामी अप्रैल माह तक प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी की गई है।
बाल कल्याण समिति ने कहा कि बच्चों को केवल संकट से बाहर निकालना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, आत्मसम्मान और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। समिति ने सर्व समाज के लोगों से अपील की है कि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, असामान्य चुप्पी, भय अथवा मानसिक तनाव जैसे संकेतों को गंभीरता से लें और उनकी बात संवेदनशीलता से सुनें।
किसी भी बच्चे के साथ शोषण या प्रताड़ना की आशंका होने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा संबंधित बाल संरक्षण इकाई को सूचना दें।
यह पहल इस बात का उदाहरण है कि प्रशासनिक तत्परता, बाल संरक्षण तंत्र की सक्रियता और समाज की सहभागिता मिलकर किसी संकटग्रस्त बच्चे के जीवन में नई उम्मीद जगा सकती है।
Leave a Reply