एक बीड़ी की जिद ने कैसे चार युवकों को पहुँचा दिया जेल?
छत्तीसगढ़, बालोद। कहते हैं कि गुस्से और नशे की तलब में इंसान अक्सर अपना विवेक खो बैठता है, और उसका अंजाम बेहद भारी पड़ता है। दल्लीराजहरा में सामने आई यह घटना भी कुछ ऐसी ही है-जहाँ एक बीड़ी न मिलने की खुन्नस, मारपीट और ₹10,000 की लूट की वारदात में बदली, और आखिरकार चारों आरोपियों का ठिकाना जेल की सलाखें बन गईं।
मिली जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार रात के करीब 9:30 बज रहे थे। दल्लीराजहरा के टेबलर सेड स्थित राजहरा नाले के पास से वार्ड क्रमांक 21 निवासी 22 वर्षीय दिनेश कौशिक अपने दोस्त सुल्तान के साथ गुजर रहे थे। तभी वहाँ मौजूद आकाश मंडावी उर्फ गोदू ने दिनेश से बीड़ी मांगी।
जब दिनेश ने बताया कि उनके पास बीड़ी नहीं है, तो यह जवाब गोदू को नागवार गुजरा। देखते ही देखते बात बढ़ी और गोदू ने अपने साथियों-गंगाराम निषाद उर्फ राम, युसुफ पठान और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी-को मौके पर बुला लिया।
एक के बाद एक चारों युवक इकट्ठा हुए और दिनेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि चारों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से दिनेश की पिटाई की और उनके पास रखे ₹10,000 नगद लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित दिनेश की रिपोर्ट पर राजहरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 309(4) के तहत केस दर्ज कर जांच की कमान संभाली। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में गठित टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में चारों आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। जब रकम का हिसाब पूछा गया, तो सामने आया कि लूटे गए ₹10,000 में से अधिकांश हिस्सा आरोपियों ने खाने-पीने में खर्च कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से शेष बचे ₹950 नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए।
पुलिस ने आज चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया। गिरफ्तार सभी आरोपी युसुफ पठान (30 वर्ष), पिता स्व. फूल मोहम्मद, गंगाराम निषाद उर्फ राम (22 वर्ष), पिता रोहित निषाद, आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25 वर्ष), पिता विजय और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी (22 वर्ष), पिता विजय मंडावी वार्ड क्रमांक 04, टेबलर सेड, दल्लीराजहरा के रहने वाले है ।
यह पूरी घटना युवाओं और समाज के लिए एक कड़वी चेतावनी है। एक छोटी-सी तलब, बेकाबू गुस्सा और गलत संगत पलभर में ज़िंदगी की दिशा बदल सकते हैं। नशे और आवेश में उठाया गया एक गलत कदम न केवल दूसरों को गहरी चोट पहुँचाता है, बल्कि अपराध की दुनिया में धकेलकर अपना भविष्य भी अंधकारमय कर देता है।
Leave a Reply