राकेश कुमार
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और अमरकंटक को जोड़ने वाले कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। कई स्थानों पर पहाड़ का मलबा, पेड़ और मिट्टी सड़क पर आ जाने से राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है।
जलेश्वर मार्ग पर पहाड़ धसा, सड़क पर आया मलबा
गौरेला से अमरकंटक वाया जलेश्वर मार्ग पर बारिश के कारण पहाड़ का बड़ा हिस्सा धसककर सड़क पर आ गया। इसके साथ ही विशाल पेड़ और भारी मात्रा में मिट्टी भी सड़क पर गिर गई, जिसके कारण मार्ग पर आवाजाही बंद हो गई है।
सड़क के किनारे मिट्टी का कटाव होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा बताया जा रहा है।
यूनिवर्सिटी मार्ग पर पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव
गौरेला से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय होते हुए अमरकंटक और राजेन्द्रग्राम जाने वाले मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हुआ है। मार्ग में स्थित पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव होने के कारण रास्ता बाधित हो गया है।
वहीं गौरेला से अमरकंटक वाया दुर्गधारा मार्ग पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना है, जिसके चलते यह रास्ता भी बंद बताया जा रहा है।
नदी-नाले उफान पर, निचले इलाकों में बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी भरने लगा है, जबकि कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।
अब जवाबदेही भी जरूरी-राहत और रास्ता बहाली कब?
बारिश और प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि बंद मार्गों को सुरक्षित तरीके से कब तक बहाल किया जाएगा? पहाड़ से मलबा गिरने और सड़क किनारे कटाव के बाद इन रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन और पुलिस की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित मार्गों से मलबा हटाने और आवागमन बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों, जलमग्न पुलों और संवेदनशील पहाड़ी मार्गों से दूर रहने की अपील की है।
फिलहाल बारिश थमने और रास्ते सुरक्षित होने तक अमरकंटक जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग और प्रशासन की ताजा सूचना की पुष्टि के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।
छत्तीसगढ़ 2Day — खबर वही, जो जमीन पर हो।
Leave a Reply