किशोर साहू
बालोद (दल्ली राजहरा): लौह अयस्क नगरी दल्ली राजहरा में वीर नारायण सिंह चौक से राजहरा माइंस जाने वाले मार्ग पर स्थित पुराना बाजार के पास, रावघाट रेलवे लाइन के पुल क्रमांक-02 के किनारे सड़क धंसने से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश के बाद सड़क के दोनों छोर पर गहरी दरारें और धंसाव आ गया है।
अधिकारियों के निरीक्षण और आश्वासन के बावजूद काम ठप
शनिवार को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष तोरन साहू, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, रेलवे तथा बीएसपी (BSP) प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और सुरक्षा के मद्देनजर बड़े वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दावा किया था कि अगले ही दिन से सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, 4 दिन बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है।

जब तक काम शुरू नहीं होगा, यहीं डटे रहेंगे
धरने पर बैठे पूर्व पालिका उपाध्यक्ष रवि जायसवाल ने जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा:
शनिवार को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अगले दिन से मरम्मत कार्य शुरू करने का वादा किया था। लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जो प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। यह मामला सीधे तौर पर आम जनमानस की सुरक्षा से जुड़ा है। जब तक मौके पर मरम्मत का काम शुरू नहीं होता, हम धरना स्थल से नहीं हटेंगे।
बड़े वाहनों पर रोक, फिर भी हादसे की आशंका बरकरार
यह मार्ग दल्ली राजहरा के प्रमुख और व्यस्त मार्ग में से है, जहाँ से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों और राहगीरों की आवाजाही होती है। बड़े वाहनों को रोक दिया गया है, लेकिन सड़क के दोनों किनारों पर बने गड्ढे और दरारें कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
Leave a Reply