राकेश कुमार
गौरेला-मरवाही। वनमंडल गौरेला-मरवाही के अंतर्गत वन परिक्षेत्र गौरेला के पडवनिया क्षेत्र में वन भूमि पर जारी अवैध उत्खनन पर वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन अमले ने मौके से अवैध उत्खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।
अवैध उत्खनन करते रंगे हाथों पकड़ा गया ट्रैक्टर प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को पड़वनिया क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी/मुरम उत्खनन किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन परिक्षेत्र गौरेला का वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। मौके पर पड़वनिया निवासी संतोष गुरजे का ट्रैक्टर वन भूमि के भीतर अवैध उत्खनन करते हुए पाया गया। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर के खिलाफ वन नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन मंडल द्वारा वन क्षेत्रों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए लगातार गश्त व निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, अतिक्रमण या गैर-कानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने नागरिकों एवं ग्रामीणों से सहयोग की अपील की है। विभाग ने कहा कि यदि किसी को भी वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन, बेदखली/अतिक्रमण या अन्य संदेहास्पद अथवा अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो वे तुरंत निकटतम वन कार्यालय या वन कर्मियों को सूचित करें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
Leave a Reply