किशोर साहू
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कॉलेज की लाइब्रेरी से पढ़ाई करके घर लौट रही एक पुलिस की बेटी पर अज्ञात सिरफिरे ने एसिड फेंक दिया। तेजाब हमले में बुरी तरह झुलसी युवती को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी पास के जंगलों की ओर भाग निकला है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
आमापारा के पास वारदात, सिरफिरा एसिड फेंककर फरार
बालोद सिटी कोतवाली प्रभारी शिशुपाल सिन्हा से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती प्राइवेट में अपनी पढ़ाई कर रही है और कॉलेज की लाइब्रेरी में पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी, तभी आमापारा के पास आरोपी ने अचानक उस पर एसिड डाल दिया और वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से रफूचक्कर हो गया।
गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर
तेजाब पड़ते ही चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और झुलसी युवती को तुरंत जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन तेजाब से गंभीर रूप से झुलस जाने और हालत चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (रायपुर) रेफर कर दिया।
तांदुला जंगल की ओर भागा आरोपी, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्शन में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों व पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सफेद रंग की टी-शर्ट पहने हुए था और वारदात के बाद तांदुला जंगल की ओर भागा है। पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी है और तांदुला के जंगलों में आरोपी की सरगर्मी से तलाश जारी है।
आरोपी और युवती के बीच की संबंध और एसिड अटैक करने की वजह, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Leave a Reply