राकेश कुमार
खाकी का ‘जीरो टॉलरेंस’: पेंड्रा में ₹1.22 करोड़ के गांजे के साथ पकड़ी गई स्लीपर बस, ओडिशा कनेक्शन आया सामने
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। यह कोई सामान्य बस नहीं थी। ‘जगुआर’ ट्रेवल्स की यह 44 सीटर टाटा स्लीपर बस असल में एक चलती-फिरती ‘गांजा डिलेवरी वैन’ थी। इसमें यात्री नहीं, बल्कि गांजे के 49 पैकेट सवारी कर रहे थे। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह पूरी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान जब बस को रोककर तलाशी ली गई, तो पुलिस भी दंग रह गई।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बेहद बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाई जा रही सघन जांच के दौरान थाना पेंड्रा पुलिस ने एक यात्री बस से लगभग 245 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बस चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जो मलकानगिरी, ओडिशा से छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहे थे।
थाना पेंड्रा पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह पूरी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान जगुआर ट्रेवल्स की 44 सीटर टाटा स्लीपर बस (पंजीकरण संख्या OD30D0606) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 49 पैकेटों में भरा कुल 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ बाईस लाख पचास हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ पचास लाख रुपये मूल्य की यात्री बस और तस्करों के पास से साठ हजार रुपये के तीन मोबाइल हैंडसेट भी विधिवत जप्त किए हैं।
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहला आरोपी दिलीप कुमार हिंडिया, जो मलकानगिरी (ओडिशा) का निवासी है, उसने पूछताछ में खुद को बस का मालिक और चालक बताया है। वहीं दूसरा आरोपी भीमसेन केवट, जो गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के थाना मरवाही क्षेत्र का रहने वाला है, कटघोरा से बस में सवार होकर चालक को आगे का रास्ता दिखा रहा था।
पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि गांजा मलकानगिरी से बोरई, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, पाली, कटघोरा और पसान के रास्ते पेंड्रा लाया जा रहा था, जिसे कोरबा और आसपास के इलाकों में खपाया जाना था।
इस पूरी संयुक्त कार्रवाई को थाना प्रभारी पेंड्रा रणक्षोर सिंह सेंगर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गगन तिवारी, चौकी प्रभारी खोंडरी सनत मात्रे, साइबर सेल प्रभारी मनोज कुमार हनोतिया एवं उनकी पूरी पुलिस टीम ने अंजाम दिया है। आरोपियों के खिलाफ पेंड्रा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों, खरीदारों एवं वित्तीय लेन-देन की जांच कर आगे भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply