खोमेश्वर गुरुपंच
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय प्रतियोगी छात्रा पर हुए एसिड अटैक के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संगीता सिन्हा अपने बिलासपुर-मुंगेली दौरे से सीधे राजधानी रायपुर के एक अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित छात्रा से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
विधायक संगीता सिन्हा ने छात्रा के पास बैठकर उससे बातचीत की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने छात्रा की पीड़ा को समझने का प्रयास करते हुए इस मुश्किल घड़ी में उसका हौसला बढ़ाया। विधायक ने छात्रा को भरोसा दिलाया कि वह अकेली नहीं है और इस कठिन समय में सभी उसके साथ हैं।

संगीता सिन्हा ने छात्रा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उसके इलाज और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि बालोद जिला मुख्यालय में एक पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी पर कल सोमवार को एसिड अटैक का मामला सामने आया। छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी के पास एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया।
एसिड हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
इधर, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालोद पुलिस को आरोपी के महिंद्रा बस से फरार होने की जानकारी मिली। इसके बाद बालोद पुलिस ने इसकी सूचना कोंडागांव पुलिस को दी।
कोंडागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें बालोद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल बालोद पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस इस मामले में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम और अब तक की जांच का खुलासा कर सकती है।
Leave a Reply