राकेश कुमार
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ में कल यानी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से ठीक एक दिन पहले जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले के ग्राम बरवासन में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से डंप किए गए 240 बोरी धान को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
कलेक्टर विजय दयाराम के. के सख्त निर्देशों के बाद, राजस्व, खाद्य और कृषि उपज मंडी विभाग की एक संयुक्त टीम ने पेंड्रारोड तहसील के ग्राम बरवासन में औचक निरीक्षण किया। प्रशासन को पुख्ता सूचना मिली थी कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए अवैध रूप से धान का भंडारण किया जा रहा है।
जांच के दौरान टीम ने दो अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा:
- पहला ठिकाना: एक व्यक्ति के घर के पास बाड़ी में खड़े ट्रैक्टर पर 35 बोरी और खुले में 100 बोरी यानी कुल 135 बोरी धान बरामद हुआ।
- दूसरा ठिकाना: गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के यहां से 105 बोरी धान जब्त किया गया।
प्रशासनिक टीम ने कुल 240 बोरी धान को जब्त कर फिलहाल ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी और निगरानी में सुरक्षित रखवा दिया है।

कटाई शुरू नहीं हुई, फिर भी पहुंच गया धान, बिचौलियों का खेल बेनकाब
अधिकारियों की पूछताछ और शुरुआती जांच में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिन लोगों के यहां से धान मिला, उनके खुद के खेतों में अभी धान की कटाई और मिसाई (थ्रेशिंग) शुरू ही नहीं हुई थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह धान अवैध मुनाफे के लिए दूसरे किसानों या अन्य जगहों से लाकर डंप किया गया था, ताकि इसे आने वाले दिनों में सरकारी समर्थन मूल्य पर खपाया जा सके।
प्रशासन की कड़ी चेतावनी, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 15 नवंबर से पूरे प्रदेश में धान खरीदी की शुरुआत की जा रही है। अवैध भंडारण और बिचौलियों पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
जिले के सीमावर्ती इलाकों और संवेदनशील जगहों पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की विशेष निगरानी टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी या बिचौलियों की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Leave a Reply