किशोर साहू
छत्तीसगढ़/ दल्लीराजहरा। वन परिक्षेत्र के सिंघोला गांव में एक सूने मकान के भीतर भालू घुसने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू बाल-बाल बच गए। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वन कर्मियों की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है, जहां बिना किसी सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी किट) के ही टीम भालू को खदेड़ने पहुंच गई थी।
बिना सुरक्षा किट और सूचना के पहुंचे थे वन कर्मी मिली जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के पटेली सर्किल अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंघोला में धरमुराम कुलदीप के सूने मकान में भालू के छिपे होने की सूचना ग्रामीणों को मिली थी। खबर मिलते ही पटेली और मंगलतराई सर्किल के वन कर्मी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वन अमले ने रेस्क्यू के लिए कोई सुरक्षा किट साथ लेकर गए। टीम जब भालू को घर से निकालकर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी भालू अचानक बाहर निकला और पटेली के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू पर झपट पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते वे संभल गए और इस जानलेवा हमले में उनकी जान बच गई। बिना सुरक्षा इंतजामों के इस तरह का रेस्क्यू करना सीधे तौर पर मौत को दावत देने जैसा साबित हो सकता था।
मकान और सामान को पहुंचा भारी नुकसान, मुआवजे की मांग
सिंघोला के ग्रामीण जागेश्वर ठाकुर ने बताया कि यह मकान पिछले कुछ समय से खाली पड़ा था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। अनुमान है कि भालू करीब 2 से 3 दिन पहले ही इस सूने मकान में घुस गया था। इतने दिनों तक घर के भीतर रहने के कारण भालू ने मकान की जमीन को पूरी तरह खोद डाला है और अंदर रखे घरेलू सामानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इस मामले में संज्ञान लेने और पीड़ित मकान मालिक धरमुराम कुलदीप को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Leave a Reply