धमतरी में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में महिला नर्स की मौत
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रायपुर-संबलपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संबलपुर के पास वेंटिलेटर एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में महारानी अस्पताल, जगदलपुर में पदस्थ महिला नर्स शबाना खान की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, महारानी अस्पताल जगदलपुर से एक मरीज को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया था। मरीज को रायपुर के SMC हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर एंबुलेंस से वापस जगदलपुर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि मृतका नर्स शबाना खान भी मरीज के परिजनों के साथ जगदलपुर से रायपुर गई थीं। मरीज का शव लेकर लौटते समय संबलपुर के पास एंबुलेंस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए।हादसे में एंबुलेंस में सवार मृतक मरीज के परिवार के तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। हालांकि, उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं।
घटना के बाद मृतका नर्स शबाना खान के शव को 108 एंबुलेंस के जरिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। यहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वही पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply