गुरुर। गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत ठेकवाडीह, जनपद पंचायत गुरुर जिला बालोद में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में VGPP (Vikshit Gram Panchayat Plan) से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा ग्राम विकास की प्राथमिकताओं को लेकर ग्रामीणों से सुझाव एवं विचार प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालोद सुनील चन्द्रवंशी, दीपक कश्यप, सीएनओ, जल मंत्रालय, भारत सरकार, वीबी जीरामजी के सहायक परियोजना अधिकारी ओ.पी. साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुरुर पी.एल. ध्रुव तथा कार्यक्रम अधिकारी वीबी जीरामजी गुरुर योगेश देवांगन सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष ग्राम सभा में सरपंच, सचिव, पंचगण, वरिष्ठ नागरिकों, महिला समूहों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने सहभागिता की। इस दौरान ग्राम पंचायत के समग्र विकास, आवश्यक कार्यों की प्राथमिकता तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजना तैयार करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

नवीन पंचायत भवन परिसर में वृक्षारोपण
कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालोद सुनील चन्द्रवंशी द्वारा नवीन पंचायत भवन परिसर के समीप वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण और हरित पंचायत के संकल्प के साथ वृक्षारोपण में सहभागिता की।
इस अवसर पर चन्द्रवंशी ने पंचायत परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों को हरित एवं स्वच्छ बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम विकास में जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा पंचायत स्तर पर समग्र एवं सहभागी योजना निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
Leave a Reply