खोमेश्वर गुरुपंच
बालोद/ गुरुर सरकार की योजना के तहत ग्राम पंचायत कपरमेटा के आश्रित ग्राम कारियाटोला में करीब 5 लाख रुपए की लागत से बन रहे मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के निर्माण में कथित लापरवाही सामने आई है। निर्माण स्थल की तस्वीरें सामने आने के बाद काम की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निर्माण स्थल पर कॉलम के गड्ढों और नींव में बारिश का पानी जमा दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पानी की गहराई करीब डेढ़ से दो फीट तक है। इसके बावजूद निर्माण कार्य आगे बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। तस्वीर में भी निर्माणाधीन हिस्से के आसपास काफी मात्रा में पानी जमा दिखाई दे रहा है।
पानी के बीच निर्माण, गुणवत्ता पर सवाल
नींव किसी भी भवन की मजबूती का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। ऐसे में नींव के गड्ढे में पानी जमा रहने की स्थिति में निर्माण कार्य कैसे कराया जा रहा है, यह सवाल ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
मौके पर जिम्मेदारों की गैरमौजूदगी का दावा
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मौके पर न तो इंजीनियर मौजूद थे और न ही सरपंच-सचिव। रोजगार सहायक की मौजूदगी भी नहीं थी। ग्रामीण मजदूरों से ही पानी भरे गड्ढों के बीच निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
यदि यह स्थिति सही है तो सवाल यह भी है कि करीब 5 लाख रुपए के निर्माण कार्य की तकनीकी निगरानी कौन कर रहा है और निर्माण की गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की जा रही है?

निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं
निर्माण कार्य में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मौके पर सूचना बोर्ड दिखाई नहीं देने से ग्रामीणों को योजना का नाम, स्वीकृत राशि, कार्य एजेंसी, प्रशासकीय स्वीकृति और अन्य जरूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है।
सूचना बोर्ड नहीं होने से ग्रामीणों के लिए यह जानना भी मुश्किल है कि निर्माण कार्य किस लागत, किस स्वीकृति और किस तकनीकी मापदंड के तहत कराया जा रहा है।
सरपंच बोले- बारिश का पानी है, हम कुछ नहीं कर सकते
ग्राम पंचायत कपरमेटा के सरपंच धनराज सोरी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही काम शुरू हुआ है। कॉलम के गड्ढे में बारिश का पानी भर गया है। उन्होंने कहा कि इसमें हम कुछ नहीं कर सकते।
सचिव बोलीं- अचानक बारिश से बनी स्थिति
ग्राम पंचायत कपरमेटा की सचिव शर्मिला जैन ने कहा कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अचानक बारिश हुई, जिसके कारण गड्ढों में पानी भर गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अभी तक कार्यस्थल पर नहीं गई हैं और जल्द ही सूचना बोर्ड लगवा दिया जाएगा।
अधिकारी बोले- पानी भरा है तो बड़ी लापरवाही
VB जीरामजी कार्यक्रम अधिकारी योगेश देवांगन ने कहा कि यदि निर्माण स्थल पर बारिश का पानी भरा हुआ है तो यह बहुत बड़ी लापरवाही है। ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि संबंधितों से जानकारी लेने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।
मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के निर्माण में करीब 5 लाख रुपए की राशि खर्च होने की बात सामने आई है। ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग के तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचकर नींव की स्थिति, निर्माण सामग्री, कॉलम की गुणवत्ता और अब तक हुए कार्य का तकनीकी परीक्षण करें। साथ ही सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने के मामले में भी जिम्मेदारी तय की जाए।
Leave a Reply