राकेश कुमार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जर्जर सड़कों का मुद्दा अब सड़क से निकलकर सरकारी दफ्तर तक पहुंच गया है।
पेंड्रा में सड़क की बदहाली से नाराज नगरवासियों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय का घेराव किया और सड़क जल्द दुरुस्त करने की मांग को लेकर अल्टीमेटम दे दिया। पेंड्रा नगर में जर्जर सड़क को लेकर नगरवासियों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया। पेंड्रा नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान और इकबाल सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दुर्गा मंदिर पेंड्रा से लेकर सेमरा तिराहा तक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर गड्ढों में डामर या मजबूत मटेरियल डालने के बजाय सिर्फ धूल और मिट्टी डाली जा रही है।
इससे सड़क के गड्ढे तो पूरी तरह बंद नहीं हो रहे, लेकिन वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार जरूर उठ रहा है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक नवरात्रि के दौरान इस मार्ग पर आवागमन और बढ़ेगा, ऐसे में सड़क की बदहाली लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पहले ही बैरिकेडिंग कर दी और लोगों को कार्यालय तक जाने से रोक दिया। इसके बाद कार्यपालन अभियंता नित्या ठाकुर से ऑनलाइन चर्चा कराई गई। लेकिन चर्चा के दौरान कुछ बिंदुओं को लेकर प्रदर्शनकारी नाराज हो गए और अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि 8 तारीख तक सड़क को दुरुस्त किया जाए, वरना आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं प्रदर्शनकारियों ने लोक निर्माण विभाग के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिस सड़क के गड्ढों को धूल-मिट्टी से बंद किया जा रहा है, उसी विभागीय कार्यालय परिसर में सुधार के लिए बेहतर मटेरियल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Leave a Reply