राकेश कुमार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही वन मंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र में शासकीय प्लांटेशन से बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। हर्राटोला गांव के डोंगरी के पास स्थित प्लांटेशन में करीब 25 सागौन के पेड़ काटकर उनकी बल्ली तैयार किए जाने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लकड़ियां जब्त कीं।
मामले में वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गिरवर निवासी एक व्यक्ति द्वारा हर्राटोला डोंगरी स्थित प्लांटेशन से सागौन के पेड़ काटे गए हैं। काटी गई लकड़ियों को देवी चौरा के पास लाए जाने की सूचना भी वन विभाग को मिली थी।
इसी दौरान लकड़ियों को आसपास की घास में छिपाने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई।सूचना मिलते ही गौरेला वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्योत्सना पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां पड़ी सागौन की लकड़ियों को जब्त कर लिया।
अब वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शासकीय प्लांटेशन से वास्तव में कुल कितने पेड़ काटे गए हैं और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। विभाग द्वारा जब्त लकड़ियों और घटनास्थल की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply