राहुल ठाकुर
गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद बाढ़ के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिले की प्रमुख नदियों के साथ छोटे नदी-नाले भी उफान पर हैं। पैरी, सौंधूर और महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
कई इलाकों में बाढ़ का पानी अब घरों तक पहुंच चुका है। घरों में पानी घुसने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि प्रभावित परिवारों को रातभर जागकर पानी के स्तर पर नजर रखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
NH-130C पर आवागमन प्रभावित
बाढ़ का असर जिले के प्रमुख मार्गों पर भी पड़ा है। कल शाम से रायपुर-गरियाबंद को पड़ोसी राज्य ओडिशा से जोड़ने वाला NH-130C बाधित बताया जा रहा है। सड़क पर पानी और बिगड़े हालात के चलते इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
वहीं राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर सरगी नाला भी उफान पर है। इसके चलते इस मार्ग से होने वाला आवागमन भी अवरुद्ध हो गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर के बीच निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
फिलहाल गरियाबंद जिले में बारिश और बढ़ते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Leave a Reply