खोमेश्वर गुरुपंच
Balod गुरुर। संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा ने छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर जिला चिकित्सालय बालोद में व्यापक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, आईसीयू की सुविधा न होने और आधुनिक उपकरणों के अभाव का मुद्दा गंभीरता से उठाया है। पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया है कि जिला चिकित्सालय बालोद में जिले के अलग-अलग विकासखंडों और ग्रामीण आंचलों से रोजाना बड़ी संख्या में मरीज बेहतर और सुलभ उपचार की अपेक्षा लेकर पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान में जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के अभाव और उचित आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) की सुविधा न होने के कारण गरीबों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रूप से गंभीर दुर्घटना, हृदय संबंधी बीमारी, सांस लेने में तकलीफ, गंभीर संक्रमण और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उचित उपचार न मिल पाने के कारण अन्य बड़े शासकीय अथवा निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।
इस स्थिति में मरीजों एवं उनके परिजनों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों से गुजरना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवारों के लिए निजी अस्पतालों में महंगा उपचार कराना संभव नहीं हो पाता, जिससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ता है।
- आईसीयू की स्थापनाः जिला चिकित्सालय बालोद में आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) की स्थापना एवं इसे शीघ्र प्रारंभ किया जाए.
- विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्तिः मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, अस्थि रोग, शिशु रोग, एनेस्थीसिया, हृदय रोग सहित आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए।
- जीवनरक्षक उपकरणः गंभीर मरीजों के उपचार हेतु वेंटिलेटर, मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, डिफिब्रिलेटर एवं अन्य आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
- आपातकालीन सेवाओं का सुदृढ़ीकरणः आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी एवं अन्य आवश्यक जांच सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए।
- उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकासः गंभीर मरीजों को अन्यत्र रेफर करने की विवशता कम करने हेतु जिला चिकित्सालय को आवश्यक बजट और संसाधन उपलब्ध कराकर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए.
विधायक संगीता सिन्हा ने स्वास्थ्य मंत्री से विशेष आग्रह किया है कि जिला चिकित्सालय बालोद की वर्तमान स्थिति का संज्ञान लेते हुए उपरोक्त सभी मांगों को शीघ्र ही पूर्ण करने का कष्ट करें, ताकि बालोद जिले के नागरिकों को अपने ही जिला मुख्यालय में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
Leave a Reply