राकेश कुमार
पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित कारीआम के पास हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज एक दिन के भीतर इसी मार्ग पर दो अलग-अलग ट्रेलर हादसों ने यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। इन लगातार हुई दुर्घटनाओं के बाद मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
पहली घटना में कोयला लोड करके जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में चालक को केवल मामूली चोटें ही आईं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर का ब्रेक फेल होना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद अभी यातायात सामान्य भी नहीं हो पाया था कि इसी स्थान पर दूसरा हादसा हो गया। कारीआम के पास ब्रेकडाउन के कारण सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गया।
एक ही जगह पर 24 घंटे के भीतर दो लगातार हादसों से पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराने के प्रयास शुरू किए। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने कारीआम मार्ग पर ब्लैक स्पॉट और यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है और हादसों की वास्तविक वजह जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Leave a Reply