किशोर साहू
बालोद (छत्तीसगढ़): गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ के पानी से अनेक परिवारों के मकानों, खेतों में खड़ी फसलों, पशुधन और व्यक्तिगत संपत्तियों को भारी नुकसान पहुँचा है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ितों की समस्याओं को लेकर गुंडरदेही विधायक कुंवरसिंह निषाद स्वयं कलेक्ट्रेट पहुँचे और कलेक्टर को पत्र सौंपकर प्रभावितों को तत्काल राहत दिलाने की मांग की। उनके साथ पूर्व मंत्री डौंडीलोहारा की विधायिका अनिला भेंड़िया और जिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
विधायक कुंवरसिंह निषाद ने कलेक्टर से मुलाकात कर क्षेत्र का हाल बताया और आग्रह किया कि ग्राम सिकोसा, मनहोरा, फुलझर, खेरुद (खे), सनौद, लिमोरा और नगर पंचायत गुंडरदेही समेत सभी बाढ़ प्रभावित गाँवों में राजस्व विभाग की टीमों को भेजकर त्वरित व विस्तृत सर्वे कराया जाए। उन्होंने मांग की कि नुकसान का पंचनामा तैयार कर शासन के नियमानुसार पात्र परिवारों को मकान, फसल और पशुधन की क्षतिपूर्ति राशि बिना किसी देरी के प्रदान की जाए।
इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, पुल-पुलियों, नालियों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की तत्काल मरम्मत व पुनर्निर्माण कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित ग्रामीणों की कठिनाइयों को प्राथमिकता पर रखते हुए राहत और मुआवाज़े की कार्यवाही जल्द से जल्द पूरी की जाए।
Leave a Reply