न्यूज़ डेस्क
धमतरी (छत्तीसगढ़): धमतरी जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। सोरिद नाले में रविवार शाम बहे 8 वर्षीय मासूम बच्चे का शव करीब 23 घंटे के लंबे और कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेलते-खेलते तेज बहाव की चपेट में आया था मासूम
मृतक बच्चे की पहचान सोरिद के भर्री पारा निवासी लक्ष्य साहू (उम्र 8 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कक्षा तीसरी का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम को लक्ष्य नाले के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक उफान पर बह रहे सोरिद नाले के बेहद करीब पहुँच गया और देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और बच्चे की तलाश शुरू की। रात में अंधेरे और पानी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बच्चे के नाले के भीतर बनी सीमेंटेड सुरंग (डक्ट) में फंसे होने की आशंका पर प्रशासन ने जेसीबी मशीन बुलवाई और नाले के उस हिस्से को तोड़ा। पूरी रात और सोमवार दिन भर चले लगातार रेस्क्यू अभियान के बाद आखिरकार सोमवार शाम नाले के पास से ही मासूम का शव बरामद किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
शव मिलते ही रोते-बिलखते माता-पिता का बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह दर्दनाक हादसा बरसात के दिनों में जलभराव वाले इलाकों, खुले नालों और सुरंगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़े और गंभीर सवाल खड़े करता है।
Leave a Reply