राकेश कुमार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा में अनुशासनहीनता और काम में लापरवाही पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संविदा व्याख्याता (अंग्रेजी) पायल कौशले की सेवा तत्काल खत्म करने का आदेश जारी किया।
29 सितंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, शिक्षिका लंबे समय से बिना बताए ड्यूटी से गायब थीं। स्कूल के प्राचार्य की रिपोर्ट के अनुसार, व्याख्याता 20 दिसंबर 2024 से 16 अगस्त 2026 तक लगातार काम से गैरहाजिर रहीं।
इसके बाद वे 17 अगस्त 2026 को स्कूल आईं, लेकिन अगले ही दिन 18 अगस्त 2026 से फिर बिना बताए गायब हो गईं। लगातार ड्यूटी से गायब रहने पर स्कूल प्रबंधन ने 25 अगस्त 2026 को नोटिस देकर जवाब मांगा था।
नोटिस के बावजूद शिक्षिका ने न तो कोई सफाई दी और न ही स्कूल आकर काम संभाला। लंबे समय तक गैरहाजिरी, नोटिस का जवाब न देने और सरकारी काम में लापरवाही के कारण जिला शिक्षा अधिकारी ने उनकी संविदा खत्म करने का फैसला लिया। इस फैसले से जिले के सरकारी स्कूलों में अनुशासन और जवाबदेही का सख्त संदेश गया है।
Leave a Reply